उत्तराखंड में आपदा का कहर जारी, अब नौगांव में फटा बादल, राहत अभियान शुरू

उदंकार न्यूज
उत्तरकाशी/बागेश्वर/देहरादून। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा का कहर जारी है। धराली, बड़कोट की स्यानपट््टी के बाद अब उत्तरकाशी के नौगांव को आपदा ने अपनी चपेट में लिया है। यहां पर शनिवार को बादल फटने की घटना के बाद काफी नुकसान होने की खबर है। हालांकि नुकसान का ब्यौरा अभी नहीं मिल पाया है, लेकिन नौगांव बाजार में आपदा के निशान साफ देखे जा सकते हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नौगांव की घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इससे पहले, शनिवार को मुख्यमंत्री बागेश्वर के आपदा प्रभावित क्षेत्र पौंसरी में ग्रामीणों से भेंट कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावितों के साथ खड़ी है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी बागेश्वर आशीष भटगांई से प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि से पौंसरी के खाईजर तोक में 05 मकान मलबे में दब गए। वहां रहने वाले 06 व्यक्तियों में से 05 मलबे में दब गए और 01 व्यक्ति सुरक्षित मिला। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष दो की खोज में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से अभियान जारी है। प्रभावितों को राहत राशि वितरित कर दी गई है तथा सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू कर दी गई हैं।