‘एक देश एक चुनाव’ पर संयुक्त संसदीय समिति ने लिया फीडबैक, सीएम ने कहा-पक्ष में उत्तराखंड, लोकतंत्र सशक्त होगा

उदंकार न्यूज
देहरादून। देश में एक साथ चुनाव के विषय पर भारत सरकार के स्तर पर गठित संयुक्त संसदीय समिति ने बुधवार को विभिन्न संगठनों, विभागों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग चर्चा कर उनकी राय जानी। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समिति के सम्मुख एक साथ चुनाव के समर्थन में उत्तराखंड का पक्ष रखा। साथ ही, कहा कि इससे लोकतंत्र और सशक्त होगा।
संपूर्ण देश में एक साथ चुनाव कराने के संबंध में संविधान (129 वां संशोधन) विधेयक 2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून(संशोधन) विधेयक 2024 पर भारत सरकार ने संयुक्त संसदीय समिति गठित की है। इस संबंध में संयुक्त संसदीय समिति अपने दो दिनी अध्ययन दौरे पर उत्तराखंड पहुंची है। बुधवार को समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी और अन्य सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर धामी ने कहा कि ‘एक देश एक चुनाव’ हमारे लोकतंत्र को और अधिक सशक्त, प्रभावी और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हमारी चुनाव प्रणाली विविधताओं के बावजूद प्रभावी और मजबूत रही है, लेकिन अलग-अलग समय में चुनाव होने से बार-बार आचार संहिता लगती है, इसके चलते राज्यो के सारे काम ठप पड़ जाते हैं। जब भी चुनाव आता है, तो बड़ी संख्या में कार्मिकों को मूल कार्य से हटाकर चुनाव ड्यूटी में लगाना पड़ता है।
इससे पहले, समिति ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण के साथ देश में एक साथ चुनाव पर विचार विमर्श किया। विधानसभा अध्यक्ष ने समिति को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। समिति ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उनके सुझाव जाने। समिति ने एनटीपीसी, एनएचपीसी, टीएचडीसी औैर आरईसी जैसे सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों के साथ भी एक साथ चुनाव के विषय पर चर्चा की और उनकी राय जानी।