परमवीर चक्र विजेताओं की अनुदान राशि एक करोड़ बढ़ी,कारगिल दिवस की पूर्व संध्या पर सीएम ने दिया तोहफा
उदंकार न्यूज
देहरादून। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों को तोहफा दे दिया। परमवीर चक्र विजेता सैनिकों और उनकी विधवाओं को अब डेढ़ करोड़ का एकमुश्त अनुदान मिलेगा। अभी तक यह अनुदान राशि 50 लाख रूपये थी। ऐसे सैनिकों और उनकी विधवाओं को इसके अलावा वार्षिक अनुदान राशि के रूप में तीन लाख रूपये मिलते रहेंगे।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में अनुदान राशि बढ़ाने की घोषणा की थी। सीएम के पिता स्वर्गीय सूबेदार श्री शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के मौके पर यह समारोह आयोजित किया गया था।
सैनिकों का मान, सैनिक पुत्र ने रखा ध्यान
-सीएम पुष्कर सिंह धामी की सैन्य पृष्ठभूमि रही है। इसलिए सैनिकों के कल्याण से विषयों पर वह संजीदगी से निर्णय ले रहे हैं। परमवीर चक्र विजेता सैनिकों और उनकी विधवाओं के लिए एकमुश्त अनुदान राशि में सीधे एक करोड़ रूपये के इजाफे को इसी रूप में देखा जा रहा है। जून 2022 से पूर्व ऐसे मामलों में एकमुश्त अनुदान राशि 30 लाख रूपये थी। कैबिनेट ने 10 जून 2022 को इस राशि को बढ़ाकर 50 लाख करने का निर्णय लिया। इसके बाद, 14 जुलाई 2022 को इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया। अब सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एकमुश्त धनराशि को 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रूपये कर दिया है। ऐसे सैनिकों और उनकी विधवाओं को वार्षिक अनुदान राशि तीन लाख रूपये ही रखी गई है।
-इस देश को हमारे सैनिक अपने शौर्य और बलिदान से सुरक्षित बनाते हैं। ऐसे में समाज का दायित्व है कि वह अपने सैनिकों की वीरता और बलिदान का सम्मान करेें। मैं खुद सैन्य पृष्ठभूमि से आता हूं और जानता हूं कि एक सैनिक और उसके परिवार का जीवन क्या होता है। हमारी सरकार सैनिकों के कल्याण और उनके हित में ठोस फैसले करने के प्रति गंभीर है।
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री