38वें राष्ट्रीय खेलः रोमांच, जोश के दर्शन, उत्तराखंड भी कर रहा अच्छा प्रदर्शन

उदंकार न्यूज
देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेल में रोमांच व जोश का प्रदर्शन जारी है। उत्तराखंड भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। पांचवे दिन पांचवें दिन खो-खो प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने अपना दबदबा कायम रखते हुए पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पुरुष वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र ने ओडिशा को 32-26 के स्कोर से हराया, वहीं महिला वर्ग में भी महाराष्ट्र ने ओडिशा को 31-28 से मात दी।
37वें राष्ट्रीय खेल में भी खो-खो के पुरुष और महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले महाराष्ट्र और ओडिशा के बीच ही खेले गए थे। पुरुषों की कांस्य पदक प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल और केरल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने एक ही समय पर खेल समाप्त किया, जिसके चलते मुकाबला सडन डेथ में गया और दोनों टीमों को संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्रदान किया गया।

महिला वर्ग के कांस्य पदक मैच में दिल्ली और कर्नाटक के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। यह मैच भी सडन डेथ में पहुंचा और अंततः दोनों टीमों को संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्रदान किया गया।

दूसरी तरफ, मेजबान उत्तराखंड की बैडमिंटन टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है, विशेष रूप से इसलिए क्योंकि पिछले वर्ष महिला टीम ने इस प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया था और पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता था।