हरेला पर्व पर एक ही दिन में रोपे जाएंगे पांच लाख पौधे, जागेश्वर के कार्यक्रम में रहेंगे सीएम धामी

0

उदंकार न्यूज
देहरादून।
हरेला पर्व पर 16 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक साथ पांच लाख पौधे रोपे जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामना दी है। मुख्यमंत्री हरेला पर्व के अवसर पर आरतोला जागेश्वर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रदर्शित करने के साथ लोक संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। हरेला पर्व को सुख, समृद्धि एवं सौहार्द का प्रतीक बताते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें अपनी परम्पराओं से जुड़े रहने का भी संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व हमें अपनी धरती और पर्यावरण की देखभाल के प्रति भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध और स्वस्थ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष हरेला पर्व पर पूरे प्रदेश में एक ही दिन में पांच लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे, जिसमें से गढ़वाल मंडल में तीन लाख और कुमाऊं मंडल में दो लाख पौधे रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस बार हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ और एक पेड़-माँ के नाम की थीम पर यह पौधरोपण आयोजित किया जाएगा। पूरे माह इस पर्व के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस पौधरोपण अभियान की सफलता में ग्रामीणों से लेकर स्कूली छात्र और विभिन्न विभागों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *