नारी शक्ति वंदन महोत्सव में मातृ शक्ति को किया सीएम ने नमन
केंद्र और उत्तराखंड सरकार की कई योजनाओं की चर्चा की उदंकार न्यूज
पहाड़ में लोगों से जबरदस्त संवाद के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को तराई के रुद्रपुर का रुख किया और नारी शक्ति वन्दन महोत्सव में भाग लेते हुए लोगों से संपर्क साधा। धामी ने चरखा चलाकर कताई की और चाक पर भी हाथ आजमाया। रोड शो में यहां भी जन सैलाब उमड़ा, जिससे धामी गदगद नजर आए। कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त कर धामी ने सभी को आगामी उत्तरायणी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने विभिन्न महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य हो रहा है, वहीं मातृ शक्ति की प्रतिभा और कौशल से देश व दुनिया को परिचित कराने का कार्य भी किया जा रहा है। उत्तराखंड राज्य के निर्माण में मातृ शक्ति द्वारा दिए गए योगदान को कभी नहीं भुलाया नहीं जा सकता।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो काम हो रहे हैं वे नए भारत की शानदार तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को ’’सुविधा के साथ सुरक्षा भी’’ का सिद्धांत अपनाकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किया हैं। आज देशभर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, उत्तराखंड में भी महिला स्वयं सहायता समूहों की बहनों ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है। वर्तमान में देश में लगभग 70 लाख स्वयं सहायता समूह हैं, जिनसे लगभग 8 करोड़ बहनें जुड़ी है, पिछले 6-7 सालों के दौरान स्वयं सहायता समूहों में तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। उत्तराखंड में भी महिला स्वयं सहायता समूहों ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है।