कांग्रेस की गतिविधियां तेज, वार रूम बना, निकली अंकिता भंडारी न्याय यात्रा

0

-लोस चुनाव के लिए बने वार रूम में नवीन जोशी चेयरमैन
-न्याय यात्रा में शरीक हुए हरीश रावत और यशपाल आर्य
उदंकार न्यूज

-लोकसभा चुनाव के लिए बनते माहौल के बीच उत्तराखंड कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ानी शुरू कर दी है। बुधवार को देहरादून में कांग्रेस भवन से लेकर सड़कों तक में कांग्रेसी एक्टिव मोड में दिखाई दिए। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी के सिलसिले में कांग्रेस भवन में केंद्रीय वार रूम की स्थापना करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांट दी। दूसरी तरफ, अंकिता भंडारी न्याय यात्रा के तहत कांग्रेसियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन देहरादून में वार रूम की स्थापना की गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को वार रूम हेतु विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई है, जिसके तहत प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी को वार रूम चेयरमैन, गोपाल गडिया एवं बलवीर ंिसह दानू को को-चेयरमैन, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, प्रदेश सचिव शांति रावत, प्रणीता बडोनी, पिया थापा एवं पूर्व पार्षद अनूप कपूर को वार रूम का सदस्य नामित किया गया है।
जोशी ने यह भी बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने वार रूम कमेटी के साथ ही वार रूम नैरेटिव टीम का भी गठन किया है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, प्रदेश महामंत्री प्रशिक्षण महेंद्र सिंह नेगी, सोशल मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, सोशल मीडिया समन्वयक विशाल मौर्य एवं प्रदेश प्रवक्ता नवीन रमोला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार रूम चेयरमैन का दायित्व मिलने के बाद प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से मुलाकात कर उनके प्रति आभार प्रकट किया।

दूसरी तरफ, बुधवार को कांग्रेस सड़कों पर भी गरजी। अंकिता भंडारी न्याय यात्रा का आह्वान कांग्रेस के मसूरी विधानसभा क्षेत्र और महानगर देहरादून की ओर से संयुक्त रूप से किया गया था, लेकिन इसमें पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी ने इसका स्तर बड़ा कर दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री गोदावरी थापली और महानगर अध्यक्ष डा जसविंदर सिंह गोगी ने किया। यात्रा का प्रारंभ हाथीबड़कला चौक से हुआ तथा समापन गांधी पार्क पर किया गया। न्याय यात्रा में शामिल पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उन लोगों को समर्पित है जिनके साथ अन्याय हो रहा है, उसी तरह आज की यह यात्रा भी उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को समर्पित है, जिसे न्याय नहीं मिल सका है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड ने अपराधियों और सत्ताधारियों के बीच के संबंध को उजागर किया है। भाजपा की सरकार में अब शांत पहाड़ों में बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। यात्रा में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई नेताओं ने शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *