त्रिदेव सम्मेलन में नड्डा ने कहा-भाजपा ही दे सकती है देश में भ्रष्टाचार मुक्त शासन

-पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरिद्वार में मांगे त्रिवेंद्र सिंह रावत के लिए वोट
-पहले किया रोड शो, फिर त्रिदेव सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में भरा जोश
उदंकार न्यूज
-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार का पूरा दिन हरिद्वार में पार्टी प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत के पक्ष में माहौल बनाने में बिताया। उन्होंने जोरदार रोड शो किया और फिर त्रिदेव सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इससे पहले, साधु-संतों का भी नड्डा ने आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा-मोदी सरकार ने पूरे विश्व पटल में सनानत को पहचान दिलाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा-भ्रष्टाचार मुक्त शासन सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।
चिलचिलाती गर्मी के बावजूूद काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नड्डा के सभी कार्यक्रमों में डटे रहे। ऋषिकुल मैदान में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में नड्डा ने कहा कि देश भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचारियों पर लगाम कसी गई है। भ्रष्टाचारी या तो जेल में हैं या बेल पर है। पूरा देश भ्रष्टाचार मुक्त शासन जो केवल भाजपा दे सकती है। इस अवसर पर हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार सांसद ने डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने आने वाले चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन लोकसभा प्रभारी कुलदीप कुमार ने किया।
इससे पहले, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सबसे पहले पंचदशनाम जूना अखाड़े के अधिष्ठात्री मायादेवी मंदिर परिसर में अधिष्ठात्री मायादेवी, छड़ी एवं भैरव देवता की पूजा अर्चना की। आरती एवं परिक्रमा के बाद मंदिर परिसर में उन्होंने वृक्षारोपण किया। इसके बाद, नड्डा ने हरिद्वार में आर्य नगर से ऋषिकुल मैदान तक रोड शो किया। लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका और लोकसभा हरिद्वार प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत का जोरदार स्वागत किया। रोड शो चंद्राचार्य चौक, पुराना रानीपुर मोड़ होते हुए ऋषिकुल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ।