अयोध्या तक हो दून से रेल और हवाई सुविधा : पुष्कर सिंह धामी

केंद्रीय मंत्रियों को पत्र भेजकर धामी ने किया है अनुरोध
उत्तराखंड के श्रद्धालुओं की भावनाओं से कराया अवगत
उदंकार न्यूज
-अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर के लोकार्पण से पूर्व बन रहे माहौल के बीच उत्तराखंड सरकार ने दून से अयोध्या तक रेल और हवाई सेवा की आवश्यकता बताई है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिख कर उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है।
रेल मंत्री को लिखे पत्र में धामी ने अनुरोध किया है कि देहरादून से लखनऊ तक प्रस्तावित वंदे भारत रेलसेवा का विस्तारीकरण लखनऊ से अयोध्या तक किया जाए। उन्होंने कहा है कि श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में प्रभु श्री रामलला की मूर्ति विराजमान होगी, जिससे देवभूमि उत्तराखण्ड में आये देशभर के तीर्थ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं का आवागमन तीर्थ स्थल श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में भी अत्यधिक रहेगा। देहरादून से लखनऊ प्रस्तावित वंदे भारत रेलसेवा, जिसका कि अभी शुभारम्भ किया जाना है, का विस्तार अयोध्या तक किया जाये, जिससे देवभूमि उत्तराखण्ड में आये देशभर के यात्रियों एवं प्रदेश के श्रद्धालुगण उक्त रेलसेवा से लाभान्वित हो सके।
धामी ने केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री को प्रेषित पत्र में कहा है कि उत्तराखण्ड देवभूमि होने के कारण देशभर के तीर्थ यात्रियों के आने-जाने का केन्द्र बना रहता है। इस हेतु देवभूमि के श्रद्धालु एवं देशभर के तीर्थ यात्रियों को आवागमन हेतु देहरादून से अयोध्या श्री राम जन्मभूमि हेतु सीधे कोई हवाई सेवा उपलब्ध नही है, जिससे देवभूमि उत्तराखण्ड में आये देशभर के यात्रियों एवं प्रदेश के श्रद्धालुओं को अत्यधिक कठिनाई होने की संभावना प्रतीत होती है। इन कठिनाईयों के समाधान हेतु प्रतिदिन एक हवाई सेवा देहरादून से अयोध्या तक संचालित किया जाना नितांत आवश्यक है, इससे देश व प्रदेश के यात्रियों को सुविधा होगी।