…तो उत्तराखंड में होंगी दो-दो नंदा राजजात, नौटी-कांसुवा और कुरूड़ के बीच टकराव
उदंकार न्यूज
देहरादून। हिमालय की सांस्कृतिक और धार्मिक नंदा राजजात को लेकर विवाद गहरा गया है। वसंत पंचमी के अवसर पर कुरूड सिद्धपीठ में हुई महा पंचायत में इसी वर्ष नंदा राजजात निकालने का ऐलान किया गया। वहीं, नौटी-कांसुवा क्षेत्र में नंदा राजजात समिति के पदाधिकारियों ने औपचारिक तौर पर घोषणा की कि नंदा राजजात अगले वर्ष यानी 2027 को निकाली जाएगी।
दरअसल, यह यात्रा इस वर्ष प्रस्तावित की गई थी, मगर अचानक से मलमास और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों का हवाला देकर नंदा राजजात समिति ने इसे स्थगित कर दिया। समिति ने अगले वर्ष यानी 2027 में नंदा राजजात निकालने की घोषणा की है। यह समिति हर बार नौटी-कांसुवा क्षेत्र से इस यात्रा को निकालती है। मगर कुरूड़ में स्थित नंदा देवी मंदिर के हक-हकूकधारियों ने महा पंचायत करके इसी वर्ष यानी 2026 में ही नंदा राजजात निकालने का ऐलान कर दिया है। इसके लिए बकायदा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। पांच सितंबर 2026 से यह यात्रा शुरू होगी।