इस बार केदारनाथ मंदिर को हुई ₹51.18 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड आय
उदंकार न्यूज
देहरादून । विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही इस वर्ष के पूरे यात्रा सीजन की आय का आधिकारिक लेखा-जोखा सामने आ गया है। 11 नवंबर 2026 को कपाट बंद होने के दिन तक मंदिर समिति को विभिन्न स्रोतों से कुल 51,18,45,901 रुपये (करीब 51.18 करोड़ रुपये) की ऐतिहासिक आय प्राप्त हुई है। अंतिम दिन भी श्रद्धालुओं ने ‘थाली भेंट’ के रूप में 1,00,651 रुपये अर्पित किए।
जारी दैनिक आय रिपोर्ट के विस्तृत आंकड़ों पर नजर डालें तो इस वर्ष श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन और काउंटर के माध्यम से विशेष पूजा-अर्चना में सर्वाधिक रुचि दिखाई। पूजा काउंटर से मंदिर को सबसे अधिक 20,31,28,800 रुपये प्राप्त हुए।
इसके बाद भक्तों द्वारा मंदिर की थाली में चढ़ाई गई भेंट (थाली भेंट) से कुल 10,40,24,380 रुपये की आय दर्ज की गई। वहीं, हेलीकॉप्टर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित प्राथमिक दर्शन व्यवस्था से 8,58,53,100 रुपये और आरटीजीएस व चेक (RTGS/Cheque) के माध्यम से सीधे दान एवं पूजा मद में 6,39,91,822 रुपये का योगदान प्राप्त हुआ।
अन्य प्रमुख मदों की बात करें तो अटका, दान और भोग से 2,63,89,258 रुपये, विशेष दान के रूप में 92,09,420 रुपये तथा अधीनस्थ मंदिरों से 84,48,028 रुपये की आय हुई। इसके अतिरिक्त प्रोटोकॉल दर्शन से 67,37,500 रुपये, प्रसाद काउंटर से 29,09,700 रुपये, विश्राम गृहों से 8,94,500 रुपये, किराये से 1,83,301 रुपये, मनी ऑर्डर से 65,092 रुपये और बंधान पूजा से 11,000 रुपये मंदिर कोष में जमा हुए। रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों के आगमन और पारदर्शी दान व्यवस्था के चलते इस वर्ष केदारनाथ धाम की आय ने मंदिर समिति के खजाने को बड़ी मजबूती दी है।