उपलब्धि : टिहरी के नवीन रयाल चौथी बार रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में निभाएंगे अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक की भूमिका
उदंकार न्यूज
देहरादून । नरेंद्रनगर क्षेत्र के दोगी पट्टी स्थित ग्राम नसोगी निवासी नवीन रयाल ने खेल जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर जनपद एवं प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनका चयन अजरबैजान में आयोजित होने वाली यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) की ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक (रेफरी) के रूप में हुआ है। इसके साथ ही नवीन रयाल लगातार चौथी बार विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नवीन रयाल का जन्म ग्राम नसोगी में हुआ तथा उनकी प्रारंभिक शिक्षा पवाकी देवी में हुई। पहाड़ की विषम परिस्थितियों के बीच शिक्षा प्राप्त कर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम हासिल किया है।
इससे पूर्व नवीन रयाल कजाकिस्तान, सर्बिया और ग्रीस में आयोजित यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की वर्ल्ड चैंपियनशिप में अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। अब अजरबैजान में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप में चौथी बार निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
नवीन रयाल की इस उपलब्धि में उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत एवं खेल विभाग, टिहरी गढ़वाल का सहयोग एवं प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण रहा है।
उनकी इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव नसोगी, पवाकी देवी क्षेत्र सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। नवीन रयाल की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे जनपद की खेल प्रतिभाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।