कर्नाटक संगीत की एक शाम में पीवी बोस की प्रस्तुति ने मन मोहा

उदंकार न्यूज
देहरादून। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में डॉ. पी.वी बोस के विशेष कर्नाटक संगीत समारोह के साथ माधुर्य, परंपरा और भावपूर्ण कहानी प्रस्तुत की गई। इसमें वायलिन पर सिद्धेश गणेश और मृदंगम पर अभिषेक अवधानी का सानिध्य रहा.
डॉ. पी.वी. बोस ने कर्नाटक संगीत के विविध संगीत पर अपनी कई बेहतरीन प्रस्तुतियां दी. इन प्रस्तुतियों को सभागार में उपस्थित श्रोतागण मंत्रमुग्धता से अविरल सुनते रहे। कर्नाटक के गायक, पार्श्व गायक, संगीतकार और विद्वान डॉ. पी. वी. बोस को शास्त्रीय संगीत में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। महान गुरुओं से प्रशिक्षित और संगीत में पीएचडी रखने वाले डॉ. बोस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया है, फिल्मों और भक्ति एल्बमों के लिए संगीत तैयार किया है और वर्तमान में पुडुचेरी में संगीत के प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पुरस्कारों में इंटरकॉन्टिनेंटल म्यूजिक अवार्ड (2024) और ग्लोबल म्यूजिक अवार्ड (2019) शामिल हैं। इनके साथ संगतकार सिद्धेश गणेश श्री आर. श्रीधर के अधीन शास्त्रीय रूप से प्रशिक्षित हैं। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शन किया है. ये युवा वायलिन वादकों की नई पीढ़ी के मार्गदर्शक हैं।