उत्तरांचल प्रेस क्लब में बिखरी लोक पर्व ‘मरोज ‘ की छटा, मची धूम

0

उदंकार न्यूज
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आज उत्तराखंड के लोकप्रिय टौंस एवं यमुना घाटी के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक लोक पर्व का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यमुना घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, वेशभूषा, रीति-रिवाजों और लोकगीतों की विशेष प्रस्तुति दी गई। इससे जनसमूह को क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा से रूबरू होने का अवसर मिला।
हिमालयी अंचल की सुदूरवर्ती टौंस एवं यमुना घाटी की समृद्ध लोक परंपराओं को सहेजते हुए उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून के तत्वावधान में ऐतिहासिक एवं पारंपरिक लोक पर्व ‘मरोज’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के महामंत्री योगेश सेमवाल एवं लोक कलाकार व लोक विधाओं के पुरोधा नंदलाल भारती ने संयुक्त रूप से किया।
संस्कृति विभाग के सांस्कृतिक दल द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें टौंस और यमुना घाटी की पारंपरिक झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। लोक नृत्य और लोक गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में पर्व जैसा उत्साह व्याप्त रहा।
मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित अन्य अतिथियों ने अपने संबोधन में माघ मरोज पर्व की ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि हिमालयी अंचल की संस्कृति हमारी पहचान है, जिसे संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह चौहान, विधायक विकासनगर ने कहा कि आज उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा टौंस एवं यमुना घाटी के ऐतिहासिक और पारंपरिक लोक पर्व का आयोजन वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि यह गरिमामय आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि टौंस और यमुना घाटी केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं हैं, बल्कि वे हमारी पहचान, हमारी आस्था और हमारी सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। यहां की लोक परंपराएं, वेशभूषा, रीति-रिवाज, मेले और त्योहार हमारी विरासत की अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें संजोकर रखना हम सबका दायित्व है।

उन्होंने कहा कि आज जब आधुनिकता और पाश्चात्य प्रभाव के कारण युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से दूर होती जा रही है, ऐसे में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन उन्हें अपनी मिट्टी, अपनी बोली और अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। हमारी लोकसंस्कृति में निहित सादगी, सामूहिकता और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना हमें विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
अति विशिष्ट अतिथि विधायक राजपुर खजान दास ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मरोज’ जैसे लोक पर्व हमारी सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उत्तराखंड विशेषकर जौनसार-बावर, टौंस और यमुना घाटी क्षेत्र में यह पर्व परंपरागत रूप से आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे के साथ मनाया जाता है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब सदैव सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *