पायर के बाद . . .अब ढोली की बारी !

0

विपिन बनियाल

-विनोद कापरी की ‘पायर ‘ फिल्म का जलवा हम सभी देख चुके हैं। अब दिनेश पी भोसले की ‘ढोली ‘ फिल्म की बारी है। हालांकि राष्ट्रीय पुरस्कार जीत कर यह फिल्म पहले ही झंडे गाड़ चुकी है। मगर बाॅक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन कैसा रहता है ? क्या ‘पायर ‘ की तरह ही इस फिल्म को देखने के लिए लोगों की भीड़ सिनेमाघरों में उमडे़गी ? इन सवालों का जवाब मिलना बाकी है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को रिलीज हो रही है। ये भी सच्चाई है कि ‘ढोली ‘ की पब्लिसिटी उस स्तर पर नहीं हुई है, जिस स्तर पर विनोद कापरी ‘पायर’ को ले गए हैं। मीडिया बैकग्राउंड, उसमें भी टीवी की दुनिया के अनुभव का विनोद कापरी ने पूरा-पूरा फायदा उठाया है। इसी वजह से ‘पायर ‘ फिल्म अपनी रिलीज से पहले ही सबकी जुबान और सबके जेहन पर छा गई थी। सोशल मीडिया पर पल-पल तैरती उसकी रील्स ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। निसंदेह, दर्शकों को एक बेहतरीन फिल्म देखने को मिली और पायर ने सफलता का नया अध्याय लिख दिया है।
अब ‘ढोली ‘ फिल्म पर लौटते हैं। डाॅ नंदकिशोर हटवाल की लिखी कहानी पर दिनेश पी भोेसले के सटीक निर्देशन ने इतिहास रचा है। उत्तराखंडी सिनेमा 43 वर्षों के अपने इतिहास में पहली बार इस कदर झूम रहा है। राष्ट्रीय पुरस्कार पाने का गौरव सचमुच बहुत बड़़ा है। पूरी टीम को इसके लिए ढेर सारी बधाई है। फिल्म अब दर्शकों के सामने होगी। ‘ढोली’ की व्यथा-कथा को फिल्म में उजागर किया गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार से संबंधित ज्यूरी एक अलग माइंड सेट से काम करती है। दर्शकों का नजरिया एकदम अलग होता है। जनता ही जनार्द्धन होती है। ऐसे में यह देखना जरूर दिलचस्प होगा कि ‘ढोली ‘ फिल्म के साथ दर्शकों का क्या सुलूक होता है। यह भी सच्चाई है कि ‘ढोली ‘ ने राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर इतिहास रच दिया है। ऐसे में बाॅक्स ऑफिस पर इस फिल्म का प्रदर्शन चाहे जैसा रहे, राष्ट्रीय पुरस्कार की गौरवशाली आभा, उसकी दमक का अपना महत्व बना रहेगा। इन स्थितियों के बीच, यदि सिनेमाघरों में आकर दर्शक ‘ढोली’ फिल्म पर अपना प्यार लुटाते हैं, तो यकीन जानिए राष्ट्रीय पुरस्कार से उपजा गौरव और हर्ष कई गुना और बढ़ जाएगा। तो जरूर आइए ‘ढोली’ देखने। जैसा इस फिल्म के बारे में जाना और सुना है, उसका निष्कर्ष ये ही है कि फिल्म संवेदनाओं से आपका साक्षात्कार कराएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *