उत्तराखंड में नितिन नवीन और राहुल गांधी जैसे दिग्गज बढ़ाएंगे अब सियासी तापमान
विपिन बनियाल
-देश के दूसरे हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी आसमान से आग बरस रही है। ऐसे में राजनीतिक तापमान भी अब आसमान छूने वाला है। इसका बड़ा कारण है, 28 मई से शुरू होने जा रहा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास। चुनावी तैयारियों में कोसो आगे चल रही भाजपा की बराबरी के लिए कांग्रेस प्रयासरत है। लगे हाथ राहुल गांधी का दो दिवसीय उत्तराखंड भी तय हो गया है। दिग्गजों के दौरों से एक बात साबित होने जा रही है। देवभूमि में वर्ष 2027 का चुनावी संग्राम गजब ढाने वाला है।
उत्तराखंड जैसे अपेक्षाकृत छोटे राज्य को भी भाजपा ने अपनी शीर्ष प्राथमिकता में रखा है। मोदी-शाह के दौर में यह बात कई बार साबित हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 12 वर्ष के कार्यकाल में जितनी बार उत्तराखंड आए हैं, उतनी बार कोई प्रधानमंत्री नहीं आया है। इसके अलावा, भाजपा के शीर्ष नेता उत्तराखंड में बराबर प्रवास करते रहे हैं। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अभी कार्यभार संभाले ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड का कार्यक्रम लगाने में जरा सी भी देरी नहीं की है।
अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन केे तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के कार्यक्रम से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है। भव्य स्वागत की तैयारी है, हालांकि मितव्ययिता का संदेश देने का दबाव भी पार्टी पर है। इसके बावजूद, भाजपा अपने इस बडे़ कार्यक्रम के माध्यम से चुनाव को लेकर बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। नितिन नवीन तीन दिन उत्तराखंड रहकर लगभग हर वर्ग को छूने का प्रयास करेंगे। पार्टी की तैयारियों की थाह लेंगे और कमजोर नब्ज दबाकर उसे दुरूस्त करने की कोशिश भी करेंगे।
अब कांग्रेस की बात। कांग्रेस इस बार भी चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा से काफी पीछे है। हालांकि उसके पक्ष में यह बात जरूर जाती है कि भले ही राष्ट्रीय नेताओं का बहुत ज्यादा उत्तराखंड आना-जाना नहीं हो पा रहा हो, लेकिन उसके स्थानीय नेता सक्रियता बढ़ा रहे हैं। नितिन नवीन का कार्यक्रम लगा, तो कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा भी तय हो गया। राहुल गांधी चार व पांच जून को उत्तराखंड में रहेंगे। राहुल गांधी के इस दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा वर्गों तक पहुंचने की कोशिश में है। इसलिए चार जून को उनका एक कार्यक्रम कुमाऊं के अल्मोड़ा मेें है, तो दूसरा गढ़वाल के मंडल मुख्यालय पौड़ी में है। पांच जून को राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। राहुल के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। दोनों प्रमुख दलों के दिग्गजों के दौरे से उत्तराखंड में चुनावी माहौल में और गर्मी पैदा होना तय है।