‘अड्डा इनसाइडर’ के मंच पर धामी बोले-स्थायित्व की वजह से ही राज्य ने हासिल की कई उपलब्धियां
उदंकार न्यूज
देहरादून। यह समाचार पत्र अड्डा इनसाइडर की ओर से सजाया गया मंच था, जिस पर उत्तराखंड के विकास, चुनौतियां और 2027 की राह को लेकर विचारोत्तेजक मंथन हुआ। अलग-अलग सत्रों में इस मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत, गणेश गोदियाल के साथ ही शासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे अफसर भी नजर आए। उन्होंने राज्य हित में महत्वपूर्ण बातें साझा की।
इस मौैके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में स्थायित्व का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों को है। उन्होंने कहा कि स्थायित्व रहा, तो इसी वजह से उत्तराखंड ने न सिर्फ तमाम चुनौतियों का सफलतापूूर्वक सामना किया, बल्कि कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल कर लीं।
इस कान्क्लेव के सबसे महत्वपूर्ण सत्र में अड्डा इनसाइडर के एडिटर डाॅ पवन लालचंद से सीएम धामी ने तमाम विषयों पर बेबाक बातचीत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के सहयोग से लेकर राज्य में उठाए गए महत्वपूूर्ण कदमों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनकी पार्टी का सिद्धांत राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति तृतीय का रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता स्थायित्व और विकास चाहती है। राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान देखकर उन्हें लगता है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ वह लगातार संवाद कर रहे हैं। युवाओं और उनकी सरकार की सोच में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमले किए और कहा कि वह झूठ फैलाने का काम कर रही है।
एक अन्य सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस को अपनेे दस और भाजपा के 15 साल के कार्यकाल को लेकर जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन पर नियुक्तियों के संबंध में अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि उनके सीएम रहते पारदर्शी तरीके से सबसे ज्यादा नियुक्तियां प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि सरकार जितने भी आरोप उन पर सही मानती है, वह उन सबको शामिल करते हुए एक विशेष जांच करा ले। ताकि दूध का दूूध और पानी का पानी हो जाए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कोई शक नहीं है कि 2027 में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से जनता आजिज आ चुकी है। अलग-अलग सत्रों में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज भी शामिल हुए। उत्तराखंड के विकास और विभागों की स्थिति को स्पष्ट करते हुए भी कई सत्र हुए, जिनमें प्रमुख सचिव डाॅ आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव आर राजेश कुमार, डाॅ पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव सीएम/वीसी एमडीडीए बंशीधर तिवारी, यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो दुर्गेश पंत शामिल हुए। अतिथियों से अलग-अलग सत्रों में वरिष्ठ पत्रकार संजीव कंडवाल, रागिनी बिंजोला और विकास जोशी ने सवाल-जवाब किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अड्डा इनसाइडर के वार्षिक विशेषांक का विमोचन भी किया।