कबूतरबाजी’ वाले केस सरीखी है दलेर की यह बेइज्जती! दारू पीकर मंच पर परफॉर्म करने पर मंत्री ने लताड़ा
विपिन बनियाल
-नरेंद्रनगर में कुुंजापुरी महोत्सव के मंच पर दलेर मेहंदी को शर्मिंदगी के सागर में डुबाते सुबोध उनियाल का वीडियो वायरल है। दलेर मेहंदी को पसंद करने वाले हर एक शख्स के लिए यह वीडियो देखना त्रासद है। मगर जिस तरह की दलेर मेहंदी की हरकत रही है, उसमें उन्हें ऐसा आईना दिखाया जाना जरूरी भी था। आरोप है कि शराब के नशे में दलेर मेहंदी ढंग से परफाॅर्म नहीं कर पा रहे थे। कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने मंच पर भीड़ के सामने ही उनकी इज्जत उतार दी। मंत्री ने दो टूक कहा-आप बोल ही नहीं पा रहे हो, तो गाना क्या गाओगे। मंच पर अच्छा या बुरा परफाॅर्म करना अलग बात है। हालांकि पेशेवर कलाकार यह सुनिश्चित करता है कि वह शानदार ढंग से ही पेश आए। मगर मान लीजिए, कि मानवीय त्रुटि होती है और कभी कभार नामचीन कलाकार भी फीका साबित होता है। इसे स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन इस वीडियो में जरा दलेर मेहंदी की भाव भंगिमा तो देखिए। जनाब की हालत क्या हुई पड़ी है। तकलीफ होती है एक नामचीन और बेहद लोकप्रिय, प्रतिभाशाली कलाकार की इस दुर्दशा पर । भला कैसे भूला जा सकता है कि एक दौर में अपने गानों से पूरे देश को दलेर मेहंदी झुमाने और नचाने का दम रखते थे। न सिर्फ, तेज रिदम वाले गाने, बल्कि कई दर्दीले गानों में भी उनका आवाज का एक अलग प्रभाव दिखता था। मगर शराब के नशे में चूर होकर उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा को जिस तरह से गिराया है, वह अफसोस करने लायक है। वर्ष 2003 में ‘कबूतरबाजी ‘ के मामले में दलेर मेहंदी पर केस दर्ज हुआ था। फिर वर्ष 2018 में उन्हें दो वर्ष की जेल भी हुई थी। लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचे एक कलाकार के माथे पर यह एक कलंक सरीखी घटना थी। नरेंद्रनगर के मंच पर दलेर मेहंदी के माथे पर एक बार फिर कलंक लगा है। दलेर मेहंदी के बहाने यह सबक हम सभी के लिए होना चाहिए। तब क्षेत्र भले ही कला का हो या पत्रकारिता का, या कोई अन्य। अपने पेश के प्रति वफादार होकर, उसकी गरिमा का ध्यान रखते हुए काम किया जाएगा, तो सम्मान मिलेगा। इसके उलट यदि आपका आचरण होगा, तो फिर आप कितने भी बडे़ तुर्रमखां क्यों ना हो, आपकोे अपमान का घूंट कभी ना कभी पीना ही पडे़गा। उम्मीद है दलेर मेहंदी आप भविष्य में अपना ऐसा आचरण प्रदर्शित नहीं करेंगे। हम सभी आपको बहुत प्यार करते हैं।