तिग्मांशु धूलिया की ‘घमासान’ में प्रियंका मेहर की ‘धांय-धांय’
विपिन बनियाल
-तिग्मांशु धूलिया की फिल्मों में धांय-धांय सामान्य सी बात है। दो दिन पहले रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘घमासान’ में भी खूब धांय-धांय हो रही है। मगर उत्तराखंड का ध्यान तो उस गाने पर टिका है, जिसका टाइटल ही ‘धांय-धांय’ है। इसकी वजह खास है। उत्तराखंडी सिंगर प्रियंका महर ने इसे गाया है। ‘घमासान’ का ‘धांय-धांय’ गाना जिस मिजाज का गाना है, उसके लिए बाॅलीवुड आम तौर पर सुनिधि चौहान जैसी सिंगर को याद करता है, लेकिन तिग्मांशु धूलिया की पारखी नजर नेे मुंबई से उत्तराखंड में प्रियंका मेहर को तलाश लिया।
तिग्मांशु धूलिया की परवरिश भले ही प्रयागराज यूपी में हुई हो, लेकिन उत्तराखंड के योग्य कलाकारों के लिए उनकी फिल्म मेें काम निकलता राह है। ‘पान सिंह तोमर’ हो, ‘यारा’ हो या फिर ‘हासिल’ फिल्म हो, बृजेंद्र काला, वरूण बडोला जैसे उत्तराखंडियों को उन्होंने जरूर काम दिया है। अब प्रियंका मेहर को मौका मिला है, जो कि इस सिंगर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी । प्रियंका मेेहर बुलंद आवाज की स्वामिनी है। उत्तराखंडी गानोें को जिस नए अंदाज में उन्होंने पेश किया है, वह काबिलेतारीफ है। इन गानों ने प्रियंका मेहर को खासी लोकप्रियता भी दी है। स्टेज पर उनकेे पहनावे पर सवाल भले ही उठते रहे हों, लेकिन आत्मविश्वास से लबरेज वह गजब की स्टेज परफार्मर हैं। वह बीच-बीच में अपने गानों या फिर व्यवहार के कारण कंटोवर्सी में फंसती रही है । इसके बावजूद, सौ बात की एक बात। प्रियंका मेहर से असहमत हुआ जा सकता है, लेकिन उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
‘घमासान’ का ‘धांय-धांय’ गाने ने उनके लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल दिए हैं। जाहिर तौर पर इसके लिए, वह तिग्माशु धूलिया के प्रति अहसानमंद हो सकती हैं। ‘धांय-धांय’ गाना साहिल आदित्य रतन ने लिखा है, जिसका संगीत अनुज गर्ग ने तैयार किया है। प्रियंका मेहर की दमदार आवाज से ही इस गाने की शुरूआत हो रही है। विशाल चतुर्वेदी व अनुज गर्ग भी इस गाने का हिस्सा हैं। प्रियंका मेहर को अभी तक पहाड़ केे गाने गाते हुए ही देखा-सुना गया था। अब बुंदेेलखंड की पृष्ठभूमि समेटे ‘धांय-धांय’ गाने ने उनकी प्रोफाइल को और भी समृद्ध कर दिया है। खास बात यह है कि बॉलीवुड के लिए अपना पहला गाना गाते हुए भी उनका वो ही आत्मविश्वास दिखता है, जो उनकी पर्सेनलिटी की एक बड़ी खूबी है। इस गाने के लिए प्रियंका मेहर के रूप में अपने चयन पर तिग्मांशु धूलिया निश्चित तौर पर संतोष प्रकट कर सकते हैं।