रैबार 8 उत्तराखण्ड @26 : मिशन 2047 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने प्रबुद्धजनों के साथ किया संवाद, विकसित उत्तराखण्ड के रोडमैप पर रखे विचार
उदंकार न्यूज
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक, देहरादून में आयोजित ‘रैबार उत्तराखण्ड @26 : मिशन 2047’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित प्रबुद्धजनों के साथ संवाद करते हुए उत्तराखण्ड के वर्तमान विकास परिदृश्य, राज्य सरकार की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के लक्ष्य पर विस्तार से विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास का ऐसा मॉडल तैयार करना है, जिसमें विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखण्ड का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, मजबूत आधारभूत ढांचा, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना भी शामिल है।