प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में एक फ्रेम . . .तीन चेहरे . . .हिमानी चित्रांशी और रूप !

0

विपिन बनियाल

-प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन की यह तस्वीर मुझे बेहद अच्छी लगी। एक फ्रेम में हिमानी शिवपुरी, चित्रांशी रावत और रूप दुर्गापाल . . .तीनों उत्तराखंड की बेटियां . . .तीनों ने पहाड़ से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाया है। पहचान बनाई है। जाहिर तौर पर इन तीनों में सबसे बड़ी पहचान हिमानी शिवपुरी की है। वह तीनों में सबसे उम्रदराज भी हैं। बाॅलीवुड की फिल्मों में चरित्र अभिनेत्री बतौर उन्हें अच्छे से जाना पहचाना गया है। हिमानी शिवपुरी का जन्म देहरादून में हुआ। हालांकि उनका मूल गांव भटवाड़ी रूद्रप्रयाग जनपद में है। हम आपके हैं कौन, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएगें, राजा, हीरो नंबर वन जैसी तमाम फिल्में हैं, जिनमें हिमानी शिवपुरी नजर आई हैं। उत्तराखंडी फिल्म गोपी भिना में उन्होंने अभिनय किया है। मेजर निराला हो या फिर श्रीदेव सुमन फिल्म हिमानी शिवपुरी इन फिल्मों में भी दिखाई दी है।
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में मैने उन्हें पिछली बार भी देखा था। वह इस बार भी उत्साहपूर्वक ढंग से इस आयोजन का हिस्सा बनीं। उन्होंने अपने गांव को गोद भी लिया है। हिमानी शिवपुरी से संक्षिप्त बातचीत करने का मौका मिला। लब्बोलुआब ये ही रहा कि वह उत्तराखंड की फिल्म इंडस्ट्री का परचम पूरे देश में लहराते हुए देखना चाहती हैं।
अब चित्रांशी रावत की बात। चक दे इंडिया की हरियाणवी छोरी के किरदार में उन्हें कभी नहीं भूला जा सकता। जितनी बढ़िया हाॅकी खिलाड़ी रही हैं, उतना ही खूबसूरती से उन्होंने यह किरदार फिल्म में जीवंत किया है। दो वजह से चित्रांशी रावत से आत्मीयता महसूस करता हूं। एक, तो वह तीरथ सिंह रावत राही जी की पुत्री हैं, जिनके साथ मेरे बहुत पुराने संबंध रहे हैं। दूसरा, चित्रांशी मेरे गृह ब्लाॅक चौंदकोट-एकेश्वर, गढ़वाल से आती है। चित्रांशी को प्रवासी सम्मेलन में बोलने का मौका मिला, तो गजब का आत्मविश्वास उसमे भरा दिखाई दिया। चक दे इंडिया और शाहरूख खान से संबंधित संस्मरण चित्रांशी ने साझा किए। उसके एक बयान से उसके आत्मविश्वास को तौला जा सकता है। चित्रांशी ने कहा-भले ही मैं पांच फीट की हूं, लेकिन एटीट्यूड किसी छह फीटे व्यक्ति से कम नहीं है।
अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल ने कई टीवी सीरियल्स और वेब सीरीज में काम किया है, लेकिन बालिका वधू से उन्हें सबसे बड़ी पहचान मिली। देहरादून में पढ़ाई कर इंजीनियरिंग की जाॅब और बाद में एक्टिंग के लिए जाॅब छोड़ देने तक की उसकी कहानी दिलचस्प है। रूप दुर्गापाल की आंखों में तैरते हुए तमाम सपनों को आसानी से पढ़ा जा सकता है। उसने सम्मेलन के एक सत्र में चर्चा करते हुए अपने से संबंधित कई सारी बातें बताईं। उसने फोक सांग गाकर यह भी अच्छे से बता दिया कि वह न सिर्फ एक अच्छी अभिनेत्री हैं, बल्कि गायिकी भी जबरदस्त हैं। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का हिस्सा बनकर तीनों अभिनेत्रियों ने रैबार दिया है । रैबार ये ही कि र्वे अपनी जड़ोें से जुड़ा रहना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed