एक दिनी प्रवास पर 26 जून को शिवराज पहुंचेगे उत्तराखंड
उदंकार न्यूज .
देहरादून । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 जून को उत्तराखण्ड प्रवास पर रहेंगे। उनके दौरे में किसान, कृषि और ग्रामीण विकास पर फोकस रहेगा।
अपने इस दौरे में केंद्रीय कृषि मंत्री एक ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में भाग लेंगे, वहीं दूसरी ओर खेत-खलिहान तक पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद भी करेंगे तथा पूर्व छात्रों के सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
अपने उत्तराखण्ड प्रवास के दौरान 26 जून को सुबह केंद्रीय मंत्री चौहान गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में पूर्व विद्यार्थियों के सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
रुद्रपुर में “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत केंद्रीय चौहान किसान संवाद, खेतों का भ्रमण, फसल का जायजा और कृषि विषयों पर प्रत्यक्ष चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा किसानों की सहभागिता रहेगी।
पंत नगर में आयोजित मुख्यमंत्री धामी के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री की बैठक में राज्य में कृषि के समग्र विकास, किसान हितों, ग्रामीण विकास योजनाओं, केंद्र और राज्य की समन्वित कार्यप्रणाली तथा विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान यह भी समीक्षा होगी कि योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों तक कितने प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है और आगे किन क्षेत्रों में गति बढ़ाने की जरूरत है।