‘घस्यारी’ के साथ चलिए! एक सुरीले सफर पर चलते हैं, आनंद आएगा
विपिन बनियाल
-उत्तराखंडी सिनेमा के इतिहास में ‘घस्यारी’ एक अलग हिसाब से दर्ज होने जा रही है। एक ऐसी फिल्म, जिसका गीत-संगीत करीब 25 वर्ष पहले से सुपरहिट है। इस मजबूत पक्ष के साथ सुनील बडोनी और परिणीता बडोनी का वर्षों पुराना सपना अब धरातल पर उतरा है। उत्तराखंडी सिनेमा में कई फिल्में ऐसी रही हैं, जिनका गीत-संगीत पहले तैयार हो गया। फिल्म की शूटिंग भी हुई, लेकिन वह रिलीज नहीं हो पाई। महेंद्र कपूर के पार्श्व गायन वाली ‘ब्योली’ फिल्म का उदाहरण लिया जा सकता है, जिसके गाने हमने सुने, लेकिन फिल्म नहीं दिखी। और भी कई सारी फिल्मों के उदाहरण हैं।
‘घस्यारी’ के गाने 25 वर्ष पहले सुनाई दिए और ऐसे सुनाई दिए, कि अपनी मधुरता से उन्होंने सबका मन मोह लिया। संतोष खेतवाल के गीत-संगीत की जितनी भी तारीफ की जाए, वह हर बार कम ही लगती है। सोने पे सुहागा जैसी बात नरेंद्र सिंह नेगी की आवाज में सजे इस फिल्म के गाने, जो कानों में मिश्री सी घोलते हैं। उनके साथ ही अनुराधा निराला और खुद संतोष खेतवाल ने पार्श्व गायन किया है। स्वर्गीय शशि जोशी की मधुर स्मृतियां भी इस फिल्म के संगीत के साथ अटूट तरीके से जुड़ी हैं।
इस फिल्म के गीतों में संतोष खेतवाल ने कोरस का बहुत ज्यादा और बेहतरीन प्रयोग किया है। जंगलों में घास के लिए जाने वाली घस्यारी अक्सर गीतों को गुनगुना कर अपनी तकलीफ बांटती रही हैं। ऐसे में कोरस का प्रभाव सचमुच जादू बिखेरता है। ‘सुणा जी ‘, या फिर ‘ऐजा ऐजा ऐजा ऐ ‘ गाने तब भी शानदार थे और आज भी हैं। इसी तरह, ‘दथुड़ी हाथ मा ‘ या फिर ‘छमछमा ‘ जैसे गानों पर फिल्मी संगीत की मजबूत छाप जरूर है, लेकिन सुनने में ये बहुत अच्छे लगते हैं।
23 अक्टूबर से यह फिल्म रिलीज हो रही है। इस फिल्म की परवरिश बडोनी दंपत्ति ने उसी तरह से की है, जैसे कोई अपने बच्चे को पालता-पोसता है। ढाई दशक पहले यह फिल्म आई होती, तो निर्देशक सुनील बडोनी हीरो के रूप में दिखाई देते। मगर तब यह फिल्म बन नहीं पाई। अब हीरो, हीरोइन से लेकर वक्त, वातावरण सब कुछ बदल गया है। बस, नहीं बदला है, तो बडोनी दंपत्ति का वो जुनून, जिसके चलते ‘घस्यारी ‘ अब सबके सामने आ रही है। फिल्म किस तरह से घस्यारी से जुडे़ मसलों को उठाती है। मौजूदा स्थितियों को फिल्म कैसे संबोधित करती है, यह सब फिल्म देखने के बाद स्पष्ट हो पाएगा। मगर इतना तय है, ‘घस्यारी ‘ के साथ एक सुरीले सफर पर चल कर आपको भरपूर आनंद आएगा ।