शाबास ऋषभ कोहली ! अब सुपरहिट वेब सीरीज ‘आश्रम-4’ में बॉबी देओल के साथ जमा दो रंग
उदंकार न्यूज
देहरादून। दून के युवा ऋषभ कोहली की यह ऊंची छलांग है। प्रकाश झा के निर्देशन वाली सुपरहिट वेब सीरीज ‘आश्रम-4’ में उन्हें एक्टिंग का मौका मिला है। बाॅबी देओल जैसे अभिनेता के साथ ऋषभ कोहली नजर आएंगे। जाहिर तौर पर उत्तराखंड को अब आश्रम के फोर्थ सीजन का बेसब्री से इंतजार है।
वेब सीरीज ‘आश्रम’ सुपरहिट साबित हुआ है। प्रकाश झा के निर्देशन में इस वेब सीरीज ने लोकप्रियता की नई ऊंचाइयों को छुआ है। वैसे भी, प्रकाश झा भारतीय सिनेमा के उन गिने-चुने निर्देशकों में शुमार हैं, जिन्होंने समाज की जमीनी हकीकत को बड़े पर्दे पर बखूबी प्रस्तुत किया है। उनकी दर्जनों फिल्में सुपरहिट रही हैं। अब वह वेब सीरीज के फार्मेट में काम करते हुए भी नई इबारत लिख रहे हैं।
प्रकाश झा के निर्देशन के साथ ही बाॅबी देओल की अदाकारी इस वेब सीरीज का सबसे मजबूत पक्ष है। यही वजह है कि इस वेब सीरीज के पूर्व के तीन पार्ट को दर्शकों का एक विशाल संसार मिला। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इसे करीब 100 करोड़ दर्शकों ने देखा औैर पसंद किया है। इसके चौथे पार्ट का काफी समय से इंतजार किया जा रहा है। अब इसकी शूटिंग जयपुर में शुरू हो चुकी है। इतनेे बडे़ और लोकप्रिय प्रोजेक्ट के साथ दून के प्रतिभाशाली एक्टर ऋषभ कोहली के जुड़ने को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। दून के पटेलनगर निवासी ऋषभ के पिता नीरज कोहली वरिष्ठ पत्रकार हैं।