उदंकार न्यूज
हल्द्वानी / देहरादून । राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में हल्द्वानी में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार से शुरू हो गई । आज दूसरे सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट लक्ष्य देते हुए 2027 में प्रचंड जीत के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की मजबूत तैयारी का आह्वान किया।
नबीन ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सामर्थ्य और जनता का विश्वास बता रहा है कि उत्तराखंड में भाजपा का विजय रथ रुकने वाला नहीं है। उनके संबोधन से साफ संकेत मिला कि पार्टी अब सरकार की उपलब्धियों को चुनावी अभियान के केंद्र में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर आगे बढ़ेगी। पंचायत और निकाय चुनावों में मिली सफलता को भी उन्होंने संगठन की ताकत के प्रमाण के रूप में पेश किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए समान नागरिक संहिता, महिलाओं की भागीदारी, सैनिकों के सम्मान, सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और सीमांत क्षेत्रों में सड़क निर्माण को उन्होंने विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
नबीन ने अपने भाषण में कांग्रेस पर जनकर हमले किए। उन्होंने कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति और दलितों के अपमान का आरोप लगाते हुए विपक्ष की संभावित चुनावी रणनीति की काट तैयार करने का संकेत दिया। ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रवाद के मुद्दे को भी उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया। बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।