हल्द्वानी में गरजे मल्लिकार्जुन खड़गे, भाजपा को लिया निशाने पर
उदंकार न्यूज
हल्द्वानी/देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में शनिवार को आयोजित ‘विजय शंखनाद रैली’ में भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए । तीखे राजनीतिक हमले किए गए। खड़गे ने कहा कि सत्ता परिवर्तन की शुरुआत उत्तराखंड से ही होगी ।
रामलीला मैदान में खड़गे ने बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, पलायन और सरकारी नीतियों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा ।
उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरभूमि बताते हुए कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट की देश की सुरक्षा में भूमिका का उल्लेख किया।
खड़गे ने कहा कि भाजपा सरकार ने देवभूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
उन्होंने 8 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख करते हुए भाजपा और आरएसएस पर स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और उसके नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं को डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन रोजगार के लिए जरूरी कौशल और पर्याप्त अवसर नहीं हैं।
रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी मनोज यादव, सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और चुनाव संचालन समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक तिलक राज बेहड़, भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक रंजीत रावत, नारायणपाल समेत,ज्योति रौतेला, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।