विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिभागियों ने दिखायी सांस्कृतिक एकता की झलक

0

उदंकार न्यूज
देहरादून । मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड द्वारा देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय वन्दे मातरम् कैंप में विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिभागियों ने राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक दायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत संवाद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्यजनों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा सामूहिक वन्दे मातरम् गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात राहुल डबराल (राज्य निदेशक, मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड) ने कैंप की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं प्रतिभागियों के लिए निर्धारित गतिविधियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रतिभागियों द्वारा वन्दे मातरम् पर आधारित एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक एकता के भाव को और सशक्त किया।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड एवं हरिद्वार निर्वाचन क्षेत्र के वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, नागरिक अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को युवा जीवन का मूल आधार बताया। उन्होंने रोजमर्रा के जीवन में प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग और पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत रहने की बात कही। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों से सिविक सेंस विकसित कर स्वच्छ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

सांसद रावत ने कहा, “प्रत्येक युवा अपने क्षेत्र—चाहे वह खेल, इंजीनियरिंग, विज्ञान, अंतरिक्ष, या तकनीकी कार्य हो—में अपना योगदान देकर राष्ट्र निर्माण का भागीदार बन सकता है। आज युवाओं को यह विचार करने की आवश्यकता है कि ‘विकसित भारत’ बनाने में मेरा क्या योगदान हो सकता है।”

इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि युवा ही भारत का स्वर्णिम भविष्य हैं। हमारी प्राथमिकता है कि प्रदेश के ऐसे राष्ट्र निर्माण और प्रेरणादायी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक बेटियाँ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और नेतृत्व संभालें।

कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में डॉ. योगेश धस्माना ने द इम्पोर्टेंस ऑफ वंदे मातरम् विषय पर युवाओं के साथ विचार-विमर्श किया, जिसमें वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में डॉ. सुनैना रावत (राज्य एनएसएस अधिकारी, उत्तराखण्ड) ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया।

‘मेरा युवा भारत’, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित इस कैंप का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की विविध संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के युवाओं की उत्साहजनक सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता के संदेश को और अधिक मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम में अविनाश कुमार सिंह उप निदेशक, रोशन कुमार, बृजेश कौशिक मौजूद रहें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *