हर्षोल्लास से मनाई सिद्धेश्वर मंदिर की स्वर्ण जयंती, नवनिर्माण कार्यों का लोकार्पण, धार्मिक अनुष्ठान

0


उदंकार न्यूज
देहरादून ।
सिद्धपीठ श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, केदारपुर की स्वर्ण जयंती रविवार को धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर मंदिर के नवनिर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इस नवनिर्माण के बाद पूरे मंदिर की भव्यता और भी बढ़ गई है। रूद्राभिषेक, यज्ञ हवन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

चार जनवरी वर्ष 1976 को स्वयंभू शिवलिंग के प्र्रकट होने के बाद यहां पर मंदिर की स्थापना की गई थी। रविवार को मंदिर ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर लिए। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। जंगम शिवालय के महंत कृष्णा गिरी जी महाराज इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भक्तों के प्रयासों से मंदिर की स्वर्ण जयंती के अवसर पर नवनिर्माण का उल्लेखनीय कार्य हुआ है। आस्था, विश्वास, समर्पण, त्याग और भक्ति सनातन की शक्ति है। उन्होंने भक्तों के खुशहाल जीवन की कामना की। मंदिर के आचार्य रामानंद व्यास और पुजारी कुलदीप खंकरियाल ने रूद्राभिषेक, यज्ञ, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। समापन पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।
स्वर्ण जयंती पर सिद्धपीठ श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर का नया रूप अब भक्तों के सामने है। मंदिर का स्वर्ण जयंती के अवसर पर मंदिर के गर्भगृह को छोड़कर बाकी सारे क्षेत्र का पुनर्निर्माण कराया गया है और देवी-देवताओं की नई प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *