भाजपा पर जमकर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश

-देहरादून के बन्नू स्कूल में कांग्रेस का विराट कार्यकर्ता सम्मेलन
-अग्निवीर व अंकिता भंडारी प्रकरण उठाकर भाजपा पर प्रहार
उदंकार न्यूज
-कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को देहरादून के बन्नू स्कूल में विराट कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा को निशाने पर लिया। खड़गे ने कहा कि भाजपा एक बार फिर से धर्म की राजनीति पर उतर आई है और पूरे देश का माहौल खराब करने पर तुली है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी जमकर प्रहार किए।

खड़गे ने कहा कि भाजपा के इशारे पर जगह-जगह राहुल गांधी की न्याय यात्रा को बाधित किया जा रहा हैै। असम में सभी ने देखा है कि किस तरह भाजपा सरकार बदले की भावना में अलोकतांत्रिक हो गई। उन्होंने अग्निवीर योजना का जिक्र किया और कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पहाड़ के नौजवानों के सपने चकनाचूर हो गए हैं। अंकिता भंडारी प्रकरण में भाजपा और उसकी सरकार के क्रियाकलाप किसी से छिपे नहीं है।

लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर चुनाव जीतना होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और भाजपा को उखाड़ फेंकेगी।