. . . जब उर्वशी रौतेला ने गेट रोककर दूल्हे से मांगा शगुन
विपिन बनियाल
-देहरादून के रायपुर क्षेत्र में ‘द विलेज रिजॉॅर्ट’ में शादी का यह एक चिरपरिचित माहौल था। वो ही बैंड, बाजा, बाराती। वो ही चहल-पहल। गेट पर बारातियों को रोककर शगुुन लेने की रस्म। इन स्थितियों के बीच, उर्वशी रौतेला की यहां मौजूदगी का अलग असर था। सारी निगाहें उर्वशी पर टिकी थीं। दुल्हन की सहेलियों के साथ वह भी गेट पर मोर्चा संभाले हुए थीं। वर पक्ष पर उर्वशी का दबाव भी कुछ कम नहीं था। एक सेलिब्रिटी का एक दिलचस्प रस्म के साथ इस तरह का जुड़ाव हर किसी का रोमांचित करने वाला था। दूल्हे मयंक से उर्वशी ने शगुन के 11 हजार रूपयेे देने के लिए कहा। वर पक्ष भी शगुन की राशि घटाने पर अड़ा रहा। फिर बात बन गई, तो मुस्कराकर उर्वशी ने भी बारात के लिए रास्ता छोड़ दिया।
बालावाला निवासी अपने करीबी रिश्तेदार रेखा और ताजबर सिंह रौतेला की बेटी जसमिता की शादी में उर्वशी ने एक-एक पल का आनंद लिया। बारात के आने से पहले घर पर आयोजित कार्यक्रम में उर्वशी ने ठुमके भी लगाए। उर्वशी जितनी भी देर शादी के इस कार्यक्रम में शामिल रहीं, सभी से बेहद आत्मीयता से मिलीं। सभी के साथ फोटो खिंचवाई और खूब सारी बातें भी कीं। उर्वशी के व्यवहार का हर कोई कायल नजर आया।
मुंबई से इस शादी में शरीक होने आईं सरिता ध्यानी भंडारी का कहना था-अपनी जड़ोें से जुडे़ रहने की उर्वशी की यह बात खास है। अपनी मां मीरा और पिता मनवर सिंह रौतेला के साथ उर्वशी इस शादी में शामिल हुई। उर्वशी के परिजनों के मुताबिक-अपनी व्यस्तता के बावजूद इस शादी में आने का पक्का कार्यक्रम उर्वशी ने काफी पहले बना लिया था। वह पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने का हरसंभव प्रयास करती है।