गांवों से लेकर सीएम आवास तक मनाया लोकपर्व फूलदेई

0

उदंकार न्यूज
देहरादून।
गांवों से लेकर सीएम आवास तक शनिवार को लोकपर्व फूलदेई धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर छोटे बच्चों ने लोगों की देहरियों में फूल डाले और मंगलकामनाएं कीं। फूलदेई का त्योहार मनाने बच्चे सीएम आवास भी पहुंचे, जहां पर सीएम पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता धामी ने उनका स्वागत किया। सीएम ने सपरिवार लोकपर्व फूलदेई मनाया और प्रदेश वासियों को फूलदेई की शुभकामनाएं दीं।
सीएम आवास में लोकपर्व फूलदेई, हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पारंपरिक परिधान पहनकर आए बच्चों ने घर की देहरी पर फूल व चावल अर्पित किए और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों ने फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला- उतुके सई जैसे लोकगीत गाए। सीएम ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

सीएम ने कहा कि लोकपर्व फूलदेई राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान के भाव को बनाए रखने का त्योहार है। उन्होंने कहा यह त्योहार वसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति की सुंदरता और जीवन में नई ऊर्जा का संदेश देता है। यह त्योहार दर्शाता है कि जीवन में हमेशा प्रकृति का आभार व्यक्त करना चाहिए।
सीएम ने कहा उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमने अपने लोक त्योहारों को धूमधाम से मनाना चाहिए, जिससे कि यह त्योहार आने वाली पीढ़ी तक पहुंचे और हमारी लोक संस्कृति हमेशा अमर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed